भारतीय नौसेना की डीजल-इलेक्ट्रिक पनडुब्बियों के लिए विकसित स्वदेशी एयर इंडिपेंडेंट प्रोपल्शन (AIP) प्रणाली के एनर्जी मॉड्यूल पर काम का अगला चरण शुरू हो गया है. 24 अक्टूबर 2026 को गुजरात के हजीरा स्थित Larsen & Toubro के एएम नाइक हेवी इंजीनियरिंग कॉम्प्लेक्स में ‘सेटिंग टू वर्क फेज-2’ गतिविधि का उद्घाटन किया गया.

यह प्रणाली नौसेना सामग्री अनुसंधान प्रयोगशाला (NMRL) और DRDO ने विकसित की है. AIP तकनीक पनडुब्बी की वायुमंडलीय ऑक्सीजन पर निर्भरता कम करती है, जिससे उसके पानी के अंदर अधिक समय तक रहने की क्षमता बढ़ सकती है.

हाइड्रोजन और फ्यूल सेल पर आधारित तकनीक

पारंपरिक डीजल-इलेक्ट्रिक पनडुब्बियों को बैटरी चार्ज करने के लिए समय-समय पर सतह पर आकर हवा से ऑक्सीजन लेनी पड़ती है. इससे उनके सामने आने और निगरानी में आने का जोखिम बढ़ सकता है. AIP प्रणाली हाइड्रोजन और फ्यूल सेल तकनीक का इस्तेमाल करती है, जिससे पनडुब्बी को सतह पर आए बिना लंबे समय तक संचालन में मदद मिल सकती है.

रक्षा सचिव और DRDO अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह समारोह में वर्चुअली जुड़े. भारतीय नौसेना के चीफ ऑफ मैटेरियल्स वाइस एडमिरल बी. शिवकुमार और DRDO के डायरेक्टर जनरल डॉ. आर. बालमुरलीकृष्णन कार्यक्रम में मौजूद रहे.

2027 में कलवरी क्लास पर इंटीग्रेशन

अगले चरण में AIP एनर्जी मॉड्यूल को बिजली उत्पादन के लिए चालू किया जाएगा और नौसेना के प्रोटोकॉल के अनुसार इसकी कड़ी जांच होगी. इसके बाद मॉड्यूल को Mazagon Dock Shipbuilders Limited को सौंपने की योजना है. 2027 की शुरुआत में इसे कलवरी क्लास की एक पनडुब्बी पर इंटीग्रेट करने का लक्ष्य रखा गया है.

DRDO ने वैज्ञानिकों, उद्योग भागीदारों और नौसेना के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया है. हाइड्रोजन और फ्यूल सेल प्रणाली से जुड़े सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए समय पर परीक्षण और इंडक्शन पूरा करना अगला प्रमुख चरण होगा.