भारतीय रेलवे ने 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक चलाया गया विशेष अभियान-6 पूरा कर लिया है. रेलवे के अनुसार, इस दौरान देशभर के स्टेशनों, कार्यालयों, कार्यशालाओं और अन्य प्रतिष्ठानों में 1 लाख से अधिक स्वच्छता अभियान चलाए गए. कबाड़ और अनुपयोगी सामग्री के निपटान से रेलवे को ₹628.49 करोड़ की आय हुई, जो निर्धारित ₹600 करोड़ के लक्ष्य से अधिक है.
अभियान में सभी जोनल रेलवे, डिवीजनों, उत्पादन इकाइयों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और अन्य रेलवे प्रतिष्ठानों को शामिल किया गया था. स्वच्छता के साथ कबाड़ निपटान, ई-कचरा प्रबंधन, रिकॉर्ड व्यवस्थित करने, उपलब्ध जगह के बेहतर इस्तेमाल और लंबित मामलों के निपटारे पर भी ध्यान दिया गया.
कबाड़ और अनावश्यक सामान हटाने के बाद रेलवे परिसरों में 6,20,121 वर्ग फुट जगह खाली कराई गई. अभियान के दौरान 1.50 लाख से अधिक ई-कचरा इकाइयों का संग्रह, पृथक्करण और निपटान किया गया. इससे रेलवे को ₹10.43 करोड़ की आय हुई.
स्टेशनों पर रेल जन संवाद
नागरिकों और यात्रियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए 22 अक्टूबर 2026 को देशभर के 5,884 रेलवे स्टेशनों पर रेल जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें यात्रियों को वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों के सामने अपने सुझाव और विचार रखने का अवसर मिला.
रेलवे के अनुसार, अभियान के तहत पुरानी भौतिक और इलेक्ट्रॉनिक फाइलों की समीक्षा, जन शिकायतों और अपीलों के निपटारे के साथ संसदीय आश्वासनों, वीआईपी संदर्भों और अन्य लंबित मामलों पर भी कार्रवाई की गई. रेलवे ने कहा कि इन प्रयासों का उद्देश्य स्वच्छ और व्यवस्थित कार्य वातावरण बनाना, प्रशासनिक दक्षता बढ़ाना और नागरिक-केंद्रित सेवाओं को मजबूत करना है.
