भारत की सरकारी तेल रिफाइनरियों के सामने कच्चे तेल की आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है. मध्य पूर्व में जारी सैन्य संकट के बीच रूसी तेल खरीद पर अमेरिका की संभावित कड़ी कार्रवाई ने नवंबर और उसके बाद की खरीद योजनाओं को जटिल बना दिया है.

सऊदी अरब की East-West पाइपलाइन पर ड्रोन हमले के बाद इसकी आपूर्ति प्रभावित हुई है. इससे भारत आने वाले 4 लाख बैरल प्रतिदिन से अधिक तेल पर असर पड़ा है. सऊदी अरब क्षतिग्रस्त हिस्से को बायपास कर कुछ दिनों में करीब आधी क्षमता बहाल करने की कोशिश कर रहा है.

रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय सरकारी रिफाइनरों की सितंबर और अक्टूबर की जरूरतें सुरक्षित हैं, लेकिन नवंबर के बाद के लिए उन्हें दूर के बाजारों से वैकल्पिक आपूर्ति जुटानी पड़ सकती है. रूस से मिलने वाला कच्चा तेल पहले ही महंगा हो गया है और अमेरिकी प्रतिबंधों या संभावित टैरिफ से इसकी खरीद और कठिन हो सकती है.

भारत रूस से समुद्री मार्ग से कच्चा तेल खरीदने वाला सबसे बड़ा देश है. रिफाइनरियां अब अमेरिका, ब्राजील, कनाडा, वेनेजुएला और अफ्रीकी देशों से भी आपूर्ति बढ़ा रही हैं. 14 सितंबर से शुरू हुए सप्ताह में भारत का कच्चे तेल का भंडार 9.35 करोड़ बैरल था, जो मई के बाद सबसे कम स्तर है और करीब 20 दिनों के आयात के बराबर है.