केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि भारतीय नाविकों की सुरक्षा सरकार के लिए बहुत बड़ी प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि केंद्र उन्हें सहायता देने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है.
पुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं के दौरान भी नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा प्राथमिकता में रहा है. विदेश मंत्री एस. जयशंकर और अन्य अधिकारी भी इस विषय पर काम कर रहे हैं.
मंत्री ने माना कि भारतीय नाविकों के लिए हाल का समय कठिन रहा है. उन्होंने कहा कि समुद्री क्षेत्र में भारतीय मूल के लोगों और भारतीय नागरिकों की संख्या काफी अधिक है तथा कई युवा बेहतर अवसरों की तलाश में जोखिम उठाकर इस क्षेत्र में जाते हैं.
पुरी ने कहा कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है, हालांकि उन्होंने यह भी माना कि सहायता व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है.
इस बीच, बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने वाणिज्यिक जहाजों पर हो रहे हमलों की निंदा की है. मंत्रालय के अनुसार, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पश्चिम में नौ भारत-ध्वजांकित या भारतीय हित वाले जहाजों पर नजर रखी जा रही है. ई-नाविक मॉड्यूल के जरिए फारस की खाड़ी क्षेत्र में 800 से अधिक और ओमान की खाड़ी में 200 से अधिक जहाजों की निगरानी की जा रही है.
