भारतीय अंतरिक्ष क्षेत्र के चार स्टार्टअप्स से जुड़े पेलोड 2 अक्टूबर को SpaceX के Falcon 9 रॉकेट से कक्षा में पहुंचे. Transporter-18 राइडशेयर मिशन के तहत हुए इस प्रक्षेपण में Dhruva Space और TakeMe2Space के उपग्रहों के साथ SatLeo Labs तथा EON Space Labs के उपकरण शामिल थे. इनका इस्तेमाल थर्मल इमेजिंग, पृथ्वी अवलोकन और अंतरिक्ष में ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित डेटा प्रोसेसिंग जैसी तकनीकों के परीक्षण के लिए किया जाएगा.

रॉकेट ने शुक्रवार को भारतीय समयानुसार रात 12:02 बजे उड़ान भरी. Dhruva Space का LEAP-2 उपग्रह भारतीय समयानुसार करीब एक बजे कक्षा में तैनात किया गया. यह कंपनी के P-30 सैटेलाइट प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करने वाला दूसरा वाणिज्यिक मिशन है.

LEAP-2 पर थर्मल पेलोड का परीक्षण

LEAP-2 में दो इन-ऑर्बिट डिमॉन्स्ट्रेशन पेलोड लगाए गए हैं. इनमें ArianeGroup से जुड़ी फ्रांस स्थित कंपनी Sodern का स्टार ट्रैकर और SatLeo Labs का TAPAS-1 शामिल है. TAPAS-1 का पूरा नाम Thermal Access Platform for Analytics & Solutions है.

SatLeo Labs के अनुसार, CubeSat श्रेणी का यह पेलोड थर्मल इन्फ्रारेड सेंसरिंग के जरिए तापमान संबंधी जानकारी जुटाएगा, जिसे सामान्य ऑप्टिकल सैटेलाइट इमेजरी सीधे दर्ज नहीं कर सकती. मिशन के दौरान इसकी थर्मल सेंसिंग तकनीक, पेलोड के प्रदर्शन और डेटा प्रोसेसिंग क्षमता का अंतरिक्ष में सत्यापन किया जाएगा. कंपनी के सह-संस्थापक और सीईओ श्रवण भाटी ने कहा कि यह पेलोड पृथ्वी की सतह के तापमान पैटर्न समझने में मदद कर सकता है.

Dhruva Space ने LEAP-2 को Falcon 9 के साथ जोड़ने की एंड-टू-एंड इंटीग्रेशन प्रक्रिया भी संभाली. कंपनी के मुताबिक, वह अपने उपग्रह की लॉन्च व्हीकल इंटीग्रेशन प्रक्रिया आंतरिक रूप से करने वाली पहली भारतीय निजी कंपनी बनने के बाद इस क्षमता का विस्तार कर रही है.

अंतरिक्ष में AI मॉडल चलाने की क्षमता

TakeMe2Space का 14 किलोग्राम वजनी MOI-1A उपग्रह पृथ्वी-अवलोकन डेटा पर AI मॉडल सीधे कक्षा में चलाने के लिए डिजाइन किया गया है. इसमें 117 ट्रिलियन ऑपरेशंस प्रति सेकंड की ऑनबोर्ड कंप्यूटिंग क्षमता, 2 टेराबाइट स्टोरेज और नौ-बैंड मल्टीस्पेक्ट्रल इमेजर है. कंपनी के अनुसार, अंतरिक्ष में ही इमेज प्रोसेसिंग से पृथ्वी पर बड़ी मात्रा में कच्चा डेटा भेजने की जरूरत घट सकती है. इसके संभावित उपयोग कृषि, खनन और सप्लाई-चेन विश्लेषण में हो सकते हैं.

MOI-1A के साथ EON Space Labs का 502 ग्राम वजनी MIRA ऑप्टिकल टेलीस्कोप भी भेजा गया. इसे उच्च-रिजॉल्यूशन पृथ्वी अवलोकन के लिए तैयार किया गया है और यह कंपनी की प्रस्तावित छोटे उपग्रहों की श्रृंखला के लिए पाथफाइंडर के रूप में काम करेगा.