अगरतला से दिल्ली जा रही इंडिगो की एक उड़ान को मंगलवार को एहतियात के तौर पर लखनऊ की ओर मोड़कर उतारा गया. विमान के कार्गो सेक्शन में धुआं होने और आग लगने की आशंका के बाद पायलट ने यह निर्णय लिया. उड़ान में 109 लोग सवार थे.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लखनऊ हवाईअड्डे पर शाम 6:29 बजे आपात स्थिति घोषित की गई. विमान शाम 6:31 बजे रनवे पर उतरा और 6:33 बजे लैंडिंग बे तक पहुंचा. इसके दो मिनट बाद, शाम 6:35 बजे यात्रियों को विमान से उतार लिया गया.
जांच के बाद हटाया गया अलर्ट
प्रारंभिक आशंका कार्गो सेक्शन में आग लगने की थी, लेकिन जांच में यह सूचना सही नहीं निकली. रिपोर्ट्स के मुताबिक शाम 6:39 बजे आग की आशंका गलत पाए जाने के बाद हवाईअड्डे पर लगाया गया आपात अलर्ट वापस ले लिया गया.
घटना में किसी यात्री या चालक दल के सदस्य के घायल होने की जानकारी उपलब्ध नहीं है.
