दिल्ली से पुणे जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E6884 में एक यात्री पर इमरजेंसी दरवाजे के लीवर के कवर से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है. पुलिस के अनुसार, घटना के बाद उड़ान के दौरान अलार्म बज गया और यात्रियों के बीच अफरातफरी की स्थिति बन गई.
यह घटना सोमवार रात की बताई गई है. फ्लाइट ने दिल्ली से करीब 12:45 बजे उड़ान भरी और लगभग 2 बजे पुणे पहुंची. पुलिस के मुताबिक, यात्री गेट के पास बैठा था और टेकऑफ के कुछ समय बाद उसने इमरजेंसी दरवाजे के लीवर पर लगे कवर को छुआ.
क्रू मेंबर की शिकायत पर यात्री के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने उसे नोटिस जारी किया है और मामले की जांच जारी है. उसके खिलाफ ऐसे कृत्य से संबंधित धाराएं लगाई गई हैं, जिसमें लापरवाही या जल्दबाजी के कारण किसी व्यक्ति के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरा पैदा हो सकता है. इसके अलावा, एयरक्राफ्ट एक्ट की धाराएं भी लगाई गई हैं.
पुलिस के अनुसार, आरोपी यात्री की पहचान पुणे निवासी 33 वर्षीय गौरव सत्येंद्र रौतेला के रूप में हुई है. पूछताछ में उसने कहा कि उसने जिज्ञासा के कारण कवर को छुआ था और उसे पता नहीं था कि लीवर इमरजेंसी दरवाजे से जुड़ा है. पुलिस ने कहा कि इमरजेंसी दरवाजे की प्रणाली से छेड़छाड़ विमान में सवार लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकती है.
