पटना से अहमदाबाद जा रही इंडिगो की उड़ान बुधवार शाम खराब मौसम के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई. घटना के समय विमान करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर था. बिजली गिरने से विमान के अगले हिस्से यानी नोज को नुकसान पहुंचा. पायलट ने विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा. विमान में 150 यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित बताए गए हैं.

इंडिगो के इस विमान ने पटना एयरपोर्ट से दोपहर 3:10 बजे उड़ान भरी थी. इसे लखनऊ से शाम 5:05 बजे अहमदाबाद के लिए आगे रवाना होना था. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बिजली की चपेट में आने के बाद विमान शाम 4:05 बजे लखनऊ में उतरा, जबकि इसके 4:20 बजे पहुंचने का निर्धारित समय था.

तकनीकी समस्या सामने आने के बाद विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया. यात्रियों की आगे की यात्रा के लिए इंडिगो ने दूसरे विमान की व्यवस्था की. सभी यात्रियों को शाम 6:22 बजे अहमदाबाद के लिए रवाना किया गया. क्षतिग्रस्त विमान की जांच इंजीनियरों की टीम कर रही है.

बिजली गिरने के बाद तकनीकी जांच जरूरी

उड़ान के दौरान आकाशीय बिजली अक्सर विमान के नोज या विंगटिप जैसे हिस्से से टकराती है और विद्युत प्रवाह बाहरी सतह से होकर पीछे के हिस्से से बाहर निकल जाता है. विमान की बाहरी संरचना यात्रियों को सीधे विद्युत प्रवाह से बचाती है, लेकिन बिजली गिरने के बाद विमान की विस्तृत तकनीकी जांच की जाती है. नुकसान मिलने पर उसे दोबारा उड़ान की अनुमति नहीं दी जाती.

19 जून 2026 को भी कोलकाता एयरपोर्ट पर खड़े इंडिगो के विमान 6E6068 पर बिजली गिरी थी. उस घटना में 141 यात्री और छह क्रू सदस्य सुरक्षित रहे थे.