पटना से लखनऊ आ रही इंडिगो की उड़ान 6E 925 खराब मौसम के बीच आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई. घटना के समय विमान करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था. बिजली गिरने से विमान के अगले हिस्से यानी नोज को नुकसान पहुंचा.

पायलट ने स्थिति को संभालते हुए विमान को लखनऊ एयरपोर्ट की ओर मोड़ा. उड़ान को शाम 4:20 बजे लखनऊ पहुंचना था, लेकिन आपात स्थिति के चलते इसकी सुरक्षित लैंडिंग 4:05 बजे करा दी गई. विमान में 104 यात्री सवार थे. लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर उतार लिया गया. किसी यात्री के घायल होने की जानकारी नहीं है.

विमान की तकनीकी जांच जारी

लखनऊ एयरपोर्ट पर विमान को रोक दिया गया है और इंजीनियरों की टीम उसके नुकसान की जांच कर रही है. तकनीकी दिक्कत के कारण इसी विमान को आगे उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी गई.

यह विमान लखनऊ से अहमदाबाद जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6E 6968 के रूप में संचालित होना था. विमान में आई खराबी के बाद एयरलाइन ने यात्रियों के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की. सभी यात्री शाम करीब 6:22 बजे दूसरे विमान से अहमदाबाद के लिए रवाना हुए.

घटना के बाद मुख्य विमान को लखनऊ में ही रखा गया है. उसकी जांच पूरी होने और तकनीकी स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही आगे के संचालन को लेकर फैसला किया जाएगा.