नई दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 42वीं पुण्यतिथि पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपनी दादी को भावुक अंदाज में याद किया. दोनों ने इंदिरा गांधी के साथ बचपन की तस्वीरें साझा कीं.

राहुल गांधी ने लिखा कि उन्हें इंदिरा गांधी की गोद में बैठना, उनके दोनों हाथ पकड़ना और उनके साथ शांति मंत्र दोहराना याद है. उन्होंने मंत्र के जरिए दादी से मिले इस संस्कार को “खूबसूरत उपहार” बताया.

प्रियंका गांधी वाड्रा ने इंदिरा गांधी को असाधारण व्यक्तित्व वाली महिला बताते हुए लिखा कि वह आकाश की तरह स्वतंत्र, समुद्र की तरह गहरी, धरती की तरह दृढ़ और अग्नि से भी अधिक प्रकाशमान थीं.

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने इंदिरा गांधी को साहस, संकल्प और दूरदर्शी नेतृत्व का प्रतीक बताया. दिल्ली के शक्ति स्थल पर राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी पुष्पांजलि अर्पित की.

इंदिरा गांधी की 31 अक्टूबर 1984 को नई दिल्ली में हत्या कर दी गई थी. वह 1966 से 1977 और फिर 1980 से 1984 तक भारत की प्रधानमंत्री रहीं.