लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम 19 सितंबर को इंदौर में प्रस्तावित है. कार्यक्रम को लेकर आयोजन स्थल, शुल्क और अनुमति की शर्तों पर विवाद सामने आया है. कांग्रेस के मुताबिक, पहले कार्यक्रम 12 सितंबर को नेहरू स्टेडियम में होना था, लेकिन अनुमति नहीं मिलने के बाद तारीख बढ़ाकर 19 सितंबर की गई. इसके बाद रीजनल पार्क के सामने आईडीए के मैदान को चुना गया.

मैदान के लिए अतिरिक्त भुगतान

करीब 12 हजार वर्गमीटर के मैदान के अस्थायी उपयोग के लिए कांग्रेस ने 10.08 लाख रुपये जमा किए. आईडीए की मंजूरी के बाद 17 सितंबर को करीब चार लाख रुपये की अतिरिक्त राशि जमा कराने को कहा गया. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, तय तारीख से पहले डोम और अन्य तैयारियां शुरू करने के कारण यह राशि मांगी गई. कांग्रेस ने आपत्ति जताई, लेकिन कार्यक्रम तय समय पर कराने के लिए भुगतान कर दिया.

आईडीए ने मैदान के उपयोग के लिए पहले पांच शर्तें रखी थीं. कांग्रेस का कहना है कि इनका पालन करने के बाद पुलिस ने कार्यक्रम की अनुमति के साथ 31 सुरक्षा शर्तों की सूची दी. इन शर्तों में भीड़ प्रबंधन, प्रवेश और निकास व्यवस्था, तलाशी, CCTV, पार्किंग, चिकित्सा सुविधा, आपातकालीन निकासी और मंच की सुरक्षा से जुड़े प्रावधान शामिल हैं.

पुलिस ने सुरक्षा जिम्मेदारियां तय करते समय पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 21 मई 1991 को श्रीपेरंबदूर में हुई हत्या की जांच के लिए गठित वर्मा आयोग की रिपोर्ट का भी हवाला दिया है.

कांग्रेस का एक लाख विद्यार्थियों का दावा

कांग्रेस नेताओं के अनुसार, कार्यक्रम के लिए छात्रों से संवाद किया जा रहा है और बारकोड के जरिए पंजीयन कराया गया है. पार्टी का दावा है कि करीब एक लाख विद्यार्थी कार्यक्रम में पहुंच सकते हैं. कार्यक्रम में शिक्षा, परीक्षाओं, पेपर लीक, भर्ती और रोजगार से जुड़े मुद्दे उठाए जाने हैं. कांग्रेस ने अकादमिक कैलेंडर लागू करने, परीक्षाएं समय पर कराने और शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की मांग रखी है. व्यापमं, MPPSC और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े छात्रों के मुद्दे भी चर्चा में रहने की बात कही गई है.

पूर्व मंत्री और कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य कमलेश्वर पटेल ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम की घोषणा के बाद से इसे रोकने या विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस इंदौर पुलिस की सभी शर्तों का पालन करेगी.

‘छात्रों की गूंज’ अभियान की शुरुआत 17 जून को कोटा से हुई थी. इसके बाद देहरादून, प्रयागराज और पुणे में कार्यक्रम हुए. इंदौर इस अभियान का पांचवां शहर है. कार्यक्रम स्थल पर करीब 250 नेताओं के बैठने के लिए छात्रों के क्षेत्र से अलग व्यवस्था की जा रही है.