मध्य प्रदेश के इंदौर में पुलिस ने खुद को IAS अधिकारी और जिला कलेक्टर बताने के आरोप में 28 वर्षीय हिमांशु पांचाल को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, मामला तब सामने आया जब वह एक होटल में खाना खाने के बाद बिल चुकाए बिना निकलने की कोशिश कर रहा था. आरोपी गुजरात के अहमदाबाद स्थित साबरमती का रहने वाला बताया गया है.

पुलिस के मुताबिक, हिमांशु इंदौर के ओमैक्स सिटी-1 स्थित शुभ आंगण प्रीमियम कॉलोनी के एक किराये के मकान में रह रहा था. उसने मकान के बाहर ‘IAS राज सोनी, जिला कलेक्टर’ लिखी काले रंग की नेमप्लेट लगा रखी थी. घर के अंदर ‘सत्यमेव जयते’ लिखी फोटो फ्रेम भी मिली, जिसे पुलिस ने उसकी कथित नकली पहचान से जोड़कर देखा है.

होटल में PA के आने का दावा

पुलिस के अनुसार, आरोपी इंदौर के शेरेटन होटल में खाना खाने गया था. बिल चुकाने के समय उसने कथित तौर पर कहा कि उसके पास फिलहाल पैसे नहीं हैं. उसने होटल की सर्विस बुक में ‘राज सोनी’ नाम लिखा और दावा किया कि उसका PA करीब दो घंटे में आएगा तथा भुगतान कर देगा.

होटल प्रबंधन को उसकी बात पर संदेह हुआ और पुलिस को सूचना दी गई. पूछताछ के दौरान हिमांशु ने खुद को IAS अधिकारी और जिला कलेक्टर बताया, लेकिन पुलिस के मुताबिक वह अपनी पोस्टिंग और पहचान से जुड़े सवालों के संतोषजनक जवाब नहीं दे सका. इसके बाद पुलिस ने उसकी पहचान की जांच की, जिसमें उसका वास्तविक नाम हिमांशु पांचाल सामने आया.

किराये के घर से मिली नेमप्लेट

लसूडिया पुलिस ने होटल की शिकायत और शुरुआती जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया. पुलिस का कहना है कि हिमांशु करीब एक महीने पहले इंदौर आया था और लगभग 15 दिन पहले उसने मकान के बाहर कथित फर्जी नेमप्लेट लगाई थी. वह पहले अहमदाबाद की एक IT कंपनी में काम कर चुका है. उसके परिवार में उसकी मां के होने की जानकारी दी गई है.

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 204 के तहत कार्रवाई की गई है. हालांकि, जांच एजेंसी अभी यह पता लगा रही है कि उसने IAS और जिला कलेक्टर की कथित पहचान क्यों बनाई और इसका इस्तेमाल किन लोगों के सामने किया.

गुजरात में दर्ज मामले की भी जांच

इंदौर पुलिस के अनुसार, हिमांशु के खिलाफ गुजरात के गांधीनगर स्थित अडालज पुलिस थाने में भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज है. यह मामला 23 मई 2026 को दर्ज किया गया था और इसकी FIR संख्या 441/2026 बताई गई है.

पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी ने कथित सरकारी पहचान के जरिए किसी से पैसे तो नहीं लिए, कितने लोगों को प्रभावित किया और इस पहचान का इस्तेमाल इंदौर या अन्य स्थानों पर किन-किन मौकों पर किया. इन बिंदुओं पर जांच पूरी होने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी.