मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के सितापाट गांव में एक लाइसेंसी विस्फोटक गोदाम से करीब 300 किलो जिलेटिन स्टिक और 375 किलो सेफ्टी फ्यूज चोरी होने का मामला सामने आया है. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश के लिए 15 सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) बनाई है.

पुलिस के अनुसार, चोरी 6-7 सितंबर की दरमियानी रात बदगोंडा थाना क्षेत्र में स्थित पाटीदार एक्सप्लोसिव्स की मैगजीन फैसिलिटी में हुई. अज्ञात लोग खिड़की की ग्रिल तोड़कर गोदाम में दाखिल हुए और 12 बॉक्स लेकर फरार हो गए.

गोदाम के मालिक क्रांति लाल पाटीदार के बेटे सूरज पाटीदार की शिकायत पर बदगोंडा थाने में मामला दर्ज किया गया है. ग्रामीण DSP उमाकांत चौधरी के मुताबिक, जांच के दौरान पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं और संदिग्धों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है.

झाड़ियों से एक बॉक्स और फ्यूज बरामद

पुलिस के मुताबिक, गोदाम में जिलेटिन स्टिक के कुल 13 बॉक्स रखे थे. इनमें से 12 बॉक्स चोरी हुए. जांच के दौरान एक बॉक्स और दो सेफ्टी फ्यूज पास की झाड़ियों में मिले, जिसके बाद गायब सामग्री की मात्रा का अनुमान लगाया गया.

पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी गोदाम तक कैसे पहुंचे. मामले की जांच SIT के अलावा अन्य पुलिस टीमें भी कर रही हैं.

पुलिस के अनुसार, गोदाम को वर्ष 2014 से लाइसेंस मिला हुआ है. वहां रखी जिलेटिन स्टिक का इस्तेमाल निर्माण कार्य और कुआं खोदने जैसे कामों में किया जाता है.