विशाखापत्तनम के नेवल डॉकयार्ड में शनिवार दोपहर भारतीय नौसेना के जहाज INS केसरी में पानी घुस गया. घटना के समय जहाज डॉकयार्ड में खड़ा था. भारतीय नौसेना के प्रवक्ता ने बताया कि हादसे में किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है.
नौसेना के मुताबिक, जहाज से पानी बाहर निकालने का काम जारी है. पानी किस वजह से जहाज में घुसा और इससे INS केसरी को कितना नुकसान हुआ, इस बारे में फिलहाल कोई जानकारी साझा नहीं की गई है. घटना के बाद डॉकयार्ड में राहत और तकनीकी कार्रवाई की जा रही है.
INS केसरी की भूमिका
INS केसरी भारतीय नौसेना का टैंक लैंडिंग शिप है. इसे भारत में तैयार किया गया था और 2008 में नौसेना में शामिल किया गया. ऐसे जहाजों का इस्तेमाल सैनिकों, भारी टैंकों और सैन्य वाहनों को समुद्र के रास्ते तट तक पहुंचाने के लिए किया जाता है.
रक्षा अभियानों के अलावा INS केसरी का उपयोग प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों और मानवीय सहायता पहुंचाने में भी किया जा सकता है.
नौसेना के जहाजों में पानी भरने की इससे पहले भी घटनाएं सामने आ चुकी हैं. इनमें 2011 में INS विंध्यगिरि, 2013 में INS सिंधुरक्षक, 2014 में TRV A-72, 2016 में INS बेतवा और 2024 में INS ब्रह्मपुत्र से जुड़ी घटनाएं शामिल हैं.
