विशाखापट्टनम के नेवल डॉकयार्ड में शनिवार दोपहर भारतीय नौसेना के युद्धपोत INS केसरी में पानी घुस गया. घटना के समय जहाज डॉकयार्ड में खड़ा था. भारतीय नौसेना के प्रवक्ता ने बताया कि हादसे में किसी के घायल होने या किसी की मौत की सूचना नहीं है.

नौसेना के अनुसार, जहाज से पानी बाहर निकालने का काम जारी है. पानी किस कारण से जहाज में घुसा और इससे INS केसरी को कितना नुकसान हुआ, इस बारे में फिलहाल कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.

सैनिकों और सैन्य वाहनों को पहुंचाने में उपयोगी

INS केसरी टैंक लैंडिंग शिप है. इसे भारत में तैयार किया गया था और वर्ष 2008 में भारतीय नौसेना में शामिल किया गया. इस श्रेणी के जहाजों का इस्तेमाल सैनिकों, भारी टैंकों और सैन्य वाहनों को समुद्र के रास्ते तट तक पहुंचाने के लिए किया जाता है.

रक्षा अभियानों के अलावा INS केसरी का उपयोग प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत कार्यों तथा विदेशों में मानवीय सहायता और दवाइयां पहुंचाने के लिए भी किया जा सकता है.

भारतीय नौसेना के जहाजों में पानी भरने या उनके क्षतिग्रस्त होने की इससे पहले भी घटनाएं सामने आ चुकी हैं. वर्ष 2011 में मुंबई हार्बर में INS विंध्यगिरि की दूसरे जहाज से टक्कर के बाद उसमें पानी भर गया था. वर्ष 2013 में मुंबई नेवल डॉकयार्ड में INS सिंधुरक्षक पनडुब्बी में विस्फोट और आग के बाद वह डूब गई थी.

वर्ष 2016 में मुंबई डॉकयार्ड में INS बेतवा के असंतुलित होने से उसमें पानी भर गया था. जुलाई 2024 में मरम्मत के दौरान INS ब्रह्मपुत्र में आग लगने के बाद जहाज एक ओर झुक गया था.