भारतीय नौसेना को प्रोजेक्ट 17A का सातवां और आखिरी युद्धपोत INS विंध्यगिरि सौंप दिया गया है. इसकी डिलीवरी शुक्रवार को कोलकाता स्थित गार्डनरीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड (GRSE) में हुई. इसके साथ ही नीलगिरि क्लास के सभी सात युद्धपोत नौसेना को मिल गए हैं.
करीब 45 हजार करोड़ रुपये की इस परियोजना के तहत सभी सात युद्धपोत 23 महीने के भीतर सौंपे गए. INS विंध्यगिरि को ब्रह्मोस क्रूज मिसाइल और बराक-8 एंटी-एयरक्राफ्ट मिसाइल से लैस किया गया है. इसमें स्टील्थ तकनीक, आधुनिक रडार और अत्याधुनिक युद्ध प्रबंधन प्रणाली भी लगाई गई है.
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, युद्धपोत के करीब 75% उपकरण और तकनीक स्वदेशी हैं. इसके निर्माण में 200 से अधिक MSME कंपनियों ने भाग लिया. परियोजना से करीब 4,000 लोगों को प्रत्यक्ष और 10,000 से अधिक लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की बात कही गई है.
INS विंध्यगिरि की लंबाई 149 मीटर और वजन 6,670 टन है. इसमें 225 नौसैनिकों के रहने तथा हेलीकॉप्टर संचालन की सुविधा है.
प्रोजेक्ट 17B की तैयारी
प्रोजेक्ट 17A के बाद नौसेना प्रोजेक्ट 17B के तहत सात अगली पीढ़ी के गाइडेड-मिसाइल स्टील्थ फ्रिगेट बनाने की तैयारी कर रही है. इसके लिए शिपयार्ड चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है. इस परियोजना का अनुबंध 2028 में होने की संभावना बताई गई है.
