Intel के ग्लोबल सप्लाई चेन टेक्निकल प्रोग्राम मैनेजर मिहिरकांत उपाध्याय ने 41 साल की उम्र में दोबारा पढ़ाई शुरू की है. सितंबर 2025 से वे University of Washington के दो वर्षीय हाइब्रिड MBA प्रोग्राम में दाखिला लेकर अपनी फुल-टाइम नौकरी के साथ पढ़ाई कर रहे हैं. यह कोर्स जून 2027 तक चलना है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उपाध्याय के पास कंप्यूटर इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन, फिजिक्स में मास्टर डिग्री, नैनोसाइंस और इंजीनियरिंग में दूसरी मास्टर डिग्री और मैटेरियल्स साइंस में PhD है. उन्होंने 2007 में भारतीय विद्यापीठ से कंप्यूटर इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद 2008 में University of Rochester से फिजिक्स में MS और 2010 में University at Albany से नैनोसाइंस और इंजीनियरिंग में दूसरी मास्टर डिग्री हासिल की. 2014 में उन्होंने मैटेरियल्स साइंस में PhD पूरी की.

उनकी डॉक्टरेट रिसर्च Extreme Ultraviolet (EUV) lithography में mask defect simulation पर केंद्रित थी. अप्रैल 2015 में उन्होंने Intel में dry etch process technology development engineer के रूप में काम शुरू किया. बाद में उनकी भूमिका ग्लोबल सप्लाई चेन टेक्निकल प्रोग्राम मैनेजमेंट तक पहुंची.

तकनीकी भूमिका से बिजनेस मैनेजमेंट तक

काम का दायरा रिसर्च और डेवलपमेंट से आगे बढ़कर मैनेजमेंट और बिजनेस तक पहुंचने के बाद उन्हें कॉन्ट्रैक्ट बातचीत, बिजनेस फैसलों और एग्जीक्यूटिव स्तर पर संवाद के लिए नई क्षमताओं की जरूरत महसूस हुई. इसी वजह से उन्होंने लॉजिस्टिक्स, मैटेरियल्स और सप्लाई चेन मैनेजमेंट पर केंद्रित MBA चुना.

प्रोग्राम में हर सप्ताह तीन दिन ऑनलाइन कक्षाएं और हर तिमाही एक सप्ताह की इन-पर्सन कक्षाएं होती हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, इस कार्यक्रम की फीस का एक हिस्सा Intel वहन कर रहा है.

उपाध्याय ने AI के बढ़ते इस्तेमाल को भी लगातार सीखते रहने की वजह बताया है. उनके अनुसार, AI कई नियमित और विश्लेषणात्मक काम कर सकता है, लेकिन जटिल मशीनरी और वास्तविक परिस्थितियों में मानवीय अनुभव व निर्णय क्षमता अब भी महत्वपूर्ण हैं.