ईरान के जिम्बाब्वे स्थित दूतावास ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर तंज कसने के लिए तेलुगु फिल्म ‘भगवंत केसरी’ का एक वीडियो साझा किया है. 58 सेकंड के इस क्लिप में अभिनेता नंदमुरी बालकृष्ण नजर आते हैं. दृश्य में राइफलों, दंगा-रोधी ढालों और अन्य हथियारों से लैस दो समूह आमने-सामने दिखाई देते हैं.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दूतावास ने पोस्ट में कहा कि ट्रंप ईरान को तबाह करने की बात कर रहे हैं, लेकिन वह जानते हैं कि ईरान असहाय नहीं है. पोस्ट में यह भी व्यंग्य किया गया कि अमेरिकी प्रशासन हॉलीवुड के बजाय बॉलीवुड फिल्में देख रहा है.

यह पोस्ट ट्रंप के संयुक्त राष्ट्र महासभा संबोधन के बाद आया, जिसमें उन्होंने ईरान के साथ समझौता न होने पर इस्लामिक रिपब्लिक को तेजी से तबाह करने की संभावना का उल्लेख किया था. इसी बीच, अमेरिकी और ईरानी अधिकारियों के बीच न्यूयॉर्क में करीब तीन घंटे की बातचीत भी हुई. रिपोर्ट के मुताबिक, वार्ता कतर की मध्यस्थता के जरिए हुई और ईरान ने अमेरिकी नाकाबंदी हटाने तथा जमे हुए धन को जारी करने की मांग दोहराई.