इराक के चार प्रमुख हवाईअड्डों ने ईरानी एयरलाइनों की उड़ानों को रोक दिया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बगदाद, नजफ, एरबिल और सुलेमानिया हवाईअड्डों पर ईरान से आने-जाने वाली सेवाएं प्रभावित हुई हैं. यह कदम अमेरिकी प्रतिबंधों के बाद उठाया गया है, जिनके तहत ईरानी विमानन कंपनियों को सेवाएं देने वाले विदेशी हवाईअड्डों, ईंधन आपूर्तिकर्ताओं और ग्राउंड-हैंडलिंग कंपनियों पर भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने कहा था कि ईरानी एयरलाइनों को ईंधन, लैंडिंग सुविधा या टिकट बिक्री उपलब्ध कराने वाली कंपनियां अमेरिकी वित्तीय प्रणाली से बाहर की जा सकती हैं. इसके बाद बगदाद हवाईअड्डे पर काम करने वाली कुछ ग्राउंड-सर्विस कंपनियों ने ईरानी विमानों को सेवाएं देना बंद किया.
उड़ानें रुकने से यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है. रिपोर्ट के अनुसार, कुछ यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए कम से कम 12 घंटे की सड़क यात्रा करनी होगी. हालांकि, नजफ हवाईअड्डे की स्थिति को लेकर अलग-अलग रिपोर्टें सामने आई हैं और वहां कुछ ईरानी उड़ानों के जारी रहने की बात भी कही गई है.
