अमेरिका की प्रतिबंधों से जुड़ी चेतावनी के बाद इराक ने बगदाद एयरपोर्ट पर आने वाली सभी ईरानी उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है. यह कदम बुधवार, 23 सितंबर से प्रभावी बताया गया है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने सोमवार को कहा था कि ईरानी विमानन कंपनियों को सेवाएं देने वाले एयर सर्विस प्रोवाइडर्स पर सेकेंडरी सैंक्शंस का खतरा है. चेतावनी के मुताबिक, 23 सितंबर से ईरानी एयरलाइंस के संचालन पर रोक लग सकती है.

मामले से जुड़े दो अज्ञात सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि इराकी सरकार उड़ानों को बगदाद के बजाय नजफ एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट करने के विकल्प पर विचार कर रही है. इसके लिए नकद भुगतान और अन्य व्यवस्थाओं की संभावना भी बताई गई है. हालांकि, डायवर्जन पर अंतिम फैसला स्पष्ट नहीं है.

ईरान की तसनीम समाचार एजेंसी के मुताबिक, तेहरान से बगदाद और मस्कट जाने वाली उड़ानें बुधवार से रद्द कर दी गई हैं. वहीं, इस्तांबुल समेत अन्य अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रहने की बात कही गई है.

ईरान के नागरिक उड्डयन संगठन के एक प्रवक्ता ने अर्ध-सरकारी ISNA को बताया कि ओमान के एयरपोर्ट पर फिलहाल ईरानी यात्रियों को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है. इस मुद्दे पर ओमान के साथ बातचीत जारी होने की जानकारी दी गई है.