जगदलपुर के दलपत सागर स्थित रानी घाट इलाके में पुलिस ने नशीली कैप्सूल की कथित बिक्री के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी बिना नंबर प्लेट वाली स्कॉर्पियो में बैठकर ग्राहक तलाश रहे थे.
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिना नंबर की कार में सवार दो लोग संदिग्ध गतिविधि में शामिल हैं. इसके बाद कोतवाली पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर वाहन को रोका और दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया.
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान मनीष प्रकाश सावल और सुमित पाण्डेय के रूप में हुई है. वाहन की तलाशी के दौरान 216 प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल बरामद होने का दावा किया गया है. पुलिस ने स्कॉर्पियो और एक चाकू भी जब्त किया है. जब्त सामग्री और वाहन समेत सामान की अनुमानित कीमत 12 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है.
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है. अदालत में पेशी के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया. मामले में नशीली कैप्सूल की आपूर्ति और बिक्री से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.
