तेलंगाना के जगितियाल जिले में चार्जिंग पर लगी इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन के संपर्क में आने से 10 महीने की बच्ची की मौत हो गई. हादसा शुक्रवार, 6 नवंबर की सुबह करीब 5 बजे एंडापल्ली मंडल के राजारामपल्ली गांव में हुआ.

पुलिस के अनुसार, बच्ची की पहचान विभूदी आद्या उर्फ अम्मुलु के रूप में हुई है. वह घर में खेल रही थी और इसी दौरान चार्जिंग पर रखी पोर्टेबल तौल मशीन को छू बैठी. प्रारंभिक जांच में मशीन की खराब वायरिंग से उसमें करंट उतरने की आशंका जताई गई है.

बच्ची को मशीन से अलग करने की कोशिश में उसके पिता तिरुपति को भी बिजली का झटका लगा. परिवार के अन्य सदस्यों ने दोनों को अलग किया और बच्ची को इलाज के लिए धर्माराम अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

बच्ची के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस हादसे के कारणों और मशीन की विद्युत स्थिति की जांच कर रही है.