जयपुर के करधनी इलाके में भजन की आवाज कम करने को लेकर एक बुजुर्ग पुजारी से मारपीट का मामला सामने आया है. घटना गणेश नगर मेन में निवाड़ू रोड स्थित शिव मंदिर की बताई गई है. पुलिस के अनुसार, यह विवाद 7:45 बजे के आसपास हुआ और पूरी घटना मंदिर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई.
पुजारी की शिकायत के मुताबिक, मंदिर के पास रहने वाले एक परिवार के तीन सदस्य—हरिश चतुर्वेदी, देवांश और रितु—भजन की आवाज कम करने को लेकर मंदिर परिसर में पहुंचे. आरोप है कि बहस के दौरान पुजारी रामकृष्ण के साथ मारपीट की गई. CCTV फुटेज में एक व्यक्ति को पुजारी को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से मारते हुए देखा गया, जबकि मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें छुड़ाया.
करधनी थाने के SHO सवाई सिंह के मुताबिक, शिकायत के आधार पर हरिश चतुर्वेदी और उनके बेटे देवांश को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. शिकायत रविवार दोपहर करीब 1 बजे दर्ज की गई थी. पुलिस ने बताया कि आरोपी परिवार की ओर से भी क्रॉस-कम्प्लेंट दर्ज कराई गई है. मामले की जांच जारी है और पुलिस ने तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया है.
