राजस्थान के जैसलमेर जिले के कोरवा गांव में 21 सितंबर की रात एक विवाहिता को कथित तौर पर पेट्रोल डालकर आग लगाने के मामले में उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई. मृतका की पहचान हिना भील के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पिता की शिकायत पर पति, ससुर, सास और जेठानी को गिरफ्तार किया है.

पुलिस के अनुसार, आग की घटना के बाद हिना को पहले जैसलमेर के जवाहिर अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल रेफर किया. वह 90 फीसदी से अधिक झुलसी थीं और जैसलमेर लाए जाने के समय बेहोशी की हालत में थीं, इसलिए पुलिस उनके बयान दर्ज नहीं कर सकी. 24 सितंबर की सुबह करीब छह बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.

मृतका के पिता पुरखाराम भील की शिकायत के आधार पर पति भगवानाराम, ससुर सोनाराम, सास लसमो देवी और जेठानी अमृता देवी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है. मामले की जांच हत्या समेत अन्य आरोपों के तहत की जा रही है.

शिकायत में दहेज और जमीन से जुड़े आरोप

परिवार ने आरोप लगाया है कि हिना को कार दहेज में लाने के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था. शिकायत में यह भी कहा गया है कि ससुराल पक्ष उसे पति से मिलने, अकेले रहने और आसपास के लोगों से संपर्क करने से रोकता था. परिवार के मुताबिक, दो साल पहले खरीदी गई कार को मायके से लाने का दबाव भी बनाया जा रहा था.

शिकायत में जेठानी पर यह आरोप भी लगाया गया है कि वह हिना को संतान नहीं होने देना चाहती थी और पुश्तैनी जमीन पर कब्जे की साजिश कर रही थी. परिवार ने गर्भपात की दवाइयां देने और संदिग्ध चीजें खिलाने का दावा किया है. इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है.

परिजनों ने अंधविश्वास के नाम पर प्रताड़ना और हिना को स्थानीय माता के थान पर ले जाकर कथित तांत्रिक क्रियाएं कराने के आरोप भी लगाए हैं. पुलिस इन सभी पहलुओं को जांच के दायरे में लेकर साक्ष्य जुटा रही है.

घटना के बाद एफएसएल और अन्य जांच टीमों ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए. जोधपुर में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.