विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भारत-रूस संबंधों पर पश्चिमी देशों की आलोचना के बीच मॉस्को का बचाव किया है. उन्होंने कहा कि जब भी भारत की सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता पर खतरा आया, रूस उसके साथ खड़ा रहा.
नई दिल्ली में म्यूनिख सिक्योरिटी कॉन्फ्रेंस के दौरान जयशंकर ने भारत और रूस के ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि 1950 के दशक में दुनिया के कई देश पाकिस्तान के सैन्य शासन के साथ खड़े थे, जबकि रूस और तत्कालीन सोवियत संघ ने भारत का समर्थन किया था. यह टिप्पणी 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान सोवियत संघ के समर्थन के संदर्भ में भी देखी जा रही है.
जयशंकर ने कहा कि हर देश दूसरे देशों के साथ अपने संबंधों को अपने अनुभवों के आधार पर देखता है. उनके मुताबिक, यूरोप से यह उम्मीद नहीं की जा सकती कि वह रूस को उसी नजर से देखे, जिस नजर से भारत देखता है. उन्होंने कहा कि रूस के साथ भारत का अनुभव सकारात्मक रहा है.
रक्षा सहयोग से ऊर्जा और व्यापार तक
विदेश मंत्री के अनुसार, 1970 और 1980 के दशक के बाद भारत-रूस साझेदारी का दायरा बदला है. पहले सैन्य और परमाणु सहयोग प्रमुख था, जबकि अब व्यापार, ऊर्जा और संसाधनों की भूमिका भी बढ़ी है.
रूसी तेल खरीद पर उठ रहे सवालों के बीच उन्होंने कहा कि भारत की प्राथमिकता अपने उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना है. भारत ऊर्जा आपूर्ति के कई स्रोत बनाए रखना चाहता है.
यूक्रेन युद्ध पर जयशंकर ने बातचीत, कूटनीति और समझौते के जरिए समाधान की जरूरत दोहराई. उन्होंने कहा कि भारत ने रूस और यूक्रेन दोनों से काला सागर में जहाजों पर हमले, अनाज आयात, ऊर्जा निर्यात और जरूरी बुनियादी ढांचे पर हमलों जैसे मुद्दों पर बातचीत की है.
