विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने आतंकवाद को राज्य नीति के औजार के रूप में इस्तेमाल किए जाने को पूरी तरह अस्वीकार्य बताया है. उन्होंने कहा कि आतंकवाद को न तो सही ठहराया जा सकता है और न ही तर्कसंगत बनाया जा सकता है.

नई दिल्ली में चिन्मय मिशन की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जयशंकर ने दुनिया में शांति की आवश्यकता पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि शांति अविभाज्य है और कहीं भी होने वाला युद्ध हर जगह की शांति के लिए खतरा पैदा करता है.

विदेश मंत्री ने यूक्रेन और पश्चिम एशिया में जारी संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत यह मानता है कि संवाद और कूटनीति ही समाधान का रास्ता है.

जयशंकर ने कहा कि आतंकवाद जारी रहने का एक कारण यह है कि सभी देश इस खतरे के प्रति ‘शून्य सहनशीलता’ का रुख नहीं अपनाते. उन्होंने कहा कि इतिहास से मिले अनेक सबक के बावजूद कुछ देश राजनीतिक गणनाओं को प्राथमिकता देते हैं.

उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से आतंकवाद को साझा खतरे के रूप में और अधिक गंभीरता से पहचानने तथा इसके सभी रूपों और अभिव्यक्तियों के खिलाफ मिलकर मजबूत संकल्प के साथ कार्रवाई करने का आह्वान किया.