विदेश मंत्री एस जयशंकर ने 2008 के मुंबई आतंकवादी हमलों के आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा के प्रत्यर्पण के लिए अमेरिकी प्रशासन का आभार जताया है. उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ अपनी रक्षा का अधिकार रखता है और अपने साझेदारों से इस मुद्दे पर जीरो टॉलरेंस की अपेक्षा करता है.

जयशंकर मंगलवार को मुंबई में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर की मेजबानी में आयोजित ‘Freedom 250’ समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर बोल रहे थे. उन्होंने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो द्वारा मुंबई के ताज होटल स्थित 26/11 स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करने का भी उल्लेख किया.

जयशंकर ने कहा कि भारत अमेरिकी प्रशासन के उस फैसले का स्वागत करता है, जिसके तहत 26/11 हमलों के प्रमुख आरोपियों में शामिल राणा को भारत प्रत्यर्पित किया गया. पाकिस्तानी मूल के कनाडाई कारोबारी राणा पर हमलों के लिए लॉजिस्टिक सहायता देने का आरोप है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उसे अप्रैल 2025 में अमेरिका से भारत लाया गया था.

व्यापार और रणनीतिक सहयोग पर बातचीत

इससे पहले जयशंकर और रुबियो ने मुंबई में भारत-अमेरिका संबंधों की समीक्षा की. आधिकारिक बयान के अनुसार, बातचीत में व्यापार, रक्षा, तकनीक और ऊर्जा सुरक्षा जैसे मुद्दे शामिल रहे. दोनों पक्षों ने भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर चल रही वार्ता में प्रगति का स्वागत किया और इसे जल्द पूरा करने की दिशा में काम करने की प्रतिबद्धता जताई.

जयशंकर ने बदलती वैश्विक व्यवस्था के बीच दोनों देशों के साझा हित बढ़ाने की जरूरत बताई. उन्होंने व्यापार, निवेश, तकनीक और ऊर्जा के साथ हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता को साझा हितों का हिस्सा बताया. रुबियो ने भी रणनीतिक साझेदारी, ऊर्जा सुरक्षा और रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने की बात कही.