ओडिशा के जाजपुर जिले में रविवार को LPG गैस रिसाव के बाद लगी आग में पांच साल की बच्ची की मौत हो गई. हादसे में बच्ची के माता-पिता और उसके चाचा गंभीर रूप से झुलस गए.
पुलिस के अनुसार, घटना धर्मशाला थाना क्षेत्र के अरबाल गांव में हुई. तिलोत्तमा मलिक सुबह खाना बना रही थीं, तभी LPG सिलेंडर की पाइप से गैस रिसने लगी. रिसाव का पता चलने पर उन्होंने अपने पति अभिराम और पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी, लेकिन आग तेजी से कमरे में फैल गई.
आग की चपेट में तिलोत्तमा, अभिराम और उनकी छोटी बेटी पपली आ गए. चीख-पुकार सुनकर अभिराम के बड़े भाई उत्तम और पड़ोसी मौके पर पहुंचे. बचाव के दौरान उत्तम भी झुलस गए.
चारों घायलों को धर्मशाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पपली को मृत घोषित कर दिया. अभिराम और तिलोत्तमा को गंभीर हालत में कटक के SCB मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया. उत्तम का इलाज धर्मशाला में चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है. पुलिस ने गैस रिसाव के सही कारण की जांच शुरू कर दी है.
