जालोर जिले की भैंसवाड़ा ग्राम पंचायत में शारदा कुमारी राणा ने सरपंच पद का चुनाव जीतकर ग्रामीण राजनीति में अपनी नई पहचान बनाई है. बीए और बीएड की डिग्री हासिल करने वाली शारदा का सपना शिक्षक बनने का था, लेकिन तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती रद्द होने के बाद उन्हें सरकारी नौकरी नहीं मिल सकी. इसके बाद उन्होंने सिलाई का काम करते हुए अपनी तैयारी जारी रखी और पंचायत चुनाव में उतरने का फैसला किया.
भैंसवाड़ा में सरपंच पद सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित था. चुनाव के लिए 13 महिलाओं ने नामांकन दाखिल किया था, जिनमें से दो ने नाम वापस ले लिया. इसके बाद 11 उम्मीदवार मैदान में रह गईं. इनमें पांच सामान्य वर्ग, पांच ओबीसी और एक अनुसूचित जनजाति वर्ग की उम्मीदवार थीं. शारदा राणा अनुसूचित जनजाति वर्ग से चुनाव मैदान में थीं.
30 अक्टूबर को हुए मतदान में पंचायत के 4,159 मतों में से 2,671 मतदाताओं ने मतदान किया. इनमें 107 वोट खारिज हुए और 13 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना. कुल 2,564 वैध मतों में शारदा राणा को 650 वोट मिले, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी उमाकुमारी को 461 वोट मिले. इस तरह शारदा ने 189 मतों के अंतर से जीत दर्ज की.
उमाकुमारी पूर्व विधायक माधोसिंह के पौत्र शिवप्रताप सिंह की पत्नी हैं. चुनावी शपथपत्र में उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 6 करोड़ 56 लाख 34 हजार 596 रुपये घोषित की थी. उनके पति वर्ष 2015 में भैंसवाड़ा के सरपंच रह चुके हैं.
शारदा राणा के पति अचलेश्वर राणा ने कहा कि जनता ने जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने सभी लोगों को साथ लेकर गांव के विकास को आगे बढ़ाने की बात कही.
