जम्मू में एक सैन्य अधिकारी की पत्नी के खिलाफ कथित जासूसी के आरोप में केस दर्ज किया गया है. अधिकारियों के मुताबिक, महिला ने ChatGPT और अन्य क्लाउड-आधारित AI टूल्स की मदद से राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों पर नोट्स तैयार किए थे. जांच एजेंसियों को संदेह है कि ये सामग्री चीनी खुफिया एजेंसियों से जुड़े लोगों के लिए तैयार की जा रही थी.

अधिकारियों के अनुसार, महिला को सुरक्षा, रक्षा और भू-राजनीति से जुड़े विषयों पर शोध-पत्र तैयार करने का काम दिया गया था. इनमें नियंत्रण रेखा की स्थिति, अरुणाचल प्रदेश की महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाएं और ड्रोन की तैनाती जैसे विषय शामिल थे. वह फिलहाल फ्रीलांस रिसर्चर के तौर पर काम कर रही थी.

रेलवे स्टेशन पर रोका गया

14 अक्टूबर को खुफिया एजेंसी और पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर रोका. वह पठानकोट जाने वाली ट्रेन में सवार होने वाली थी. इसके बाद उसे पूछताछ के लिए पास के सैन्य स्टेशन ले जाया गया. उसका मोबाइल फोन जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. अधिकारियों के मुताबिक, उसे अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है.

महिला ने 2023 में मेजर रैंक के सैन्य अधिकारी से शादी की थी. इससे पहले उसने जिनेवा से यूरोपियन एंड इंटरनेशनल गवर्नेंस में मास्टर डिग्री और बेंगलुरु से इंटरनेशनल रिलेशंस में मास्टर डिग्री हासिल की थी. अधिकारियों का दावा है कि संयुक्त राष्ट्र में इंटर्नशिप के दौरान उसकी विदेशी नागरिकों से बातचीत हुई थी. इनमें एक चीनी नागरिक भी शामिल था, जिसके साथ वह WhatsApp पर संपर्क में थी.

फोन में मिले दस्तावेजों की जांच

प्रारंभिक जांच में फोन से भारत-इटली रक्षा बैठक, सेना प्रमुख की अमेरिका यात्रा, भारत-रूस रक्षा समझौते, अरुणाचल प्रदेश की कलई-II हाइड्रोइलेक्ट्रिक और कमला परियोजनाओं, कोल्ड स्टार्ट डॉक्ट्रिन, भारत-सेशेल्स संबंध, असम की परियोजनाओं और भारत-चीन संबंधों से जुड़े दस्तावेज मिलने का दावा किया गया है.

जांच एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि क्या फ्रीलांस रिसर्च के नाम पर विदेशी संपर्कों के साथ संवेदनशील जानकारी व्यवस्थित रूप से साझा की गई थी. डिजिटल उपकरणों और वित्तीय लेनदेन की फोरेंसिक जांच के जरिए साझा की गई जानकारी और उसके कथित उद्देश्य का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.