जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियां करीब 65 पाकिस्तानी आतंकियों की तलाश कर रही हैं. अधिकारियों के अनुसार, इनमें 35 लश्कर-ए-तैयबा और 25 जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हैं. बाकी आतंकी अन्य प्रतिबंधित संगठनों से संबंधित बताए जा रहे हैं.
सुरक्षा एजेंसियों के अनुमान के मुताबिक, 2024 में केंद्र शासित प्रदेश में सक्रिय आतंकियों की संख्या 91 थी. अब यह संख्या करीब 65 रह गई है और उपलब्ध आकलन में ये सभी विदेशी आतंकी बताए जा रहे हैं. एजेंसियों की विशेष निगरानी पुंछ, राजौरी, किश्तवाड़ और डोडा के अलावा जम्मू के उन दूरदराज इलाकों पर है, जहां घने जंगल और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र हैं.
स्थानीय आतंकियों को लेकर सरकार का दावा
कुलगाम जिले में 18 नवंबर को लतीफ भट के मारे जाने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 21 नवंबर को कहा था कि घाटी में अब कोई स्थानीय आतंकी नहीं बचा है. जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी 18 नवंबर को उधमपुर में कहा था कि क्षेत्र में अब केवल कुछ विदेशी आतंकी बचे हैं और जम्मू-कश्मीर जल्द आतंकवाद मुक्त होगा.
सुरक्षा एजेंसियां लश्कर और जैश से जुड़े विदेशी आतंकियों के खिलाफ संयुक्त अभियान चला रही हैं. अधिकारियों के मुताबिक, खुफिया सूचनाओं के आधार पर किश्तवाड़ में सैफुल्लाह के नेतृत्व वाले जैश के सात आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी. यह समूह अप्रैल 2024 में घुसपैठ कर जम्मू-कश्मीर पहुंचा था और छत्रू क्षेत्र में 22 फरवरी को चलाए गए ऑपरेशन त्राशी-I समेत कई अभियानों के बाद खत्म किया गया.
आतंकियों की संख्या घटने के बावजूद एजेंसियां नियंत्रण रेखा से घुसपैठ रोकने, मददगार नेटवर्क की पहचान करने और दूरदराज इलाकों में विदेशी आतंकियों की निगरानी पर जोर दे रही हैं.
