भारतीय जनता पार्टी जम्मू-कश्मीर में जेन-जी युवाओं को संगठन और सार्वजनिक जीवन से जोड़ने के लिए ‘चेंजमेकर्स’ नाम से इंटर्नशिप कार्यक्रम शुरू करने जा रही है. इसकी जिम्मेदारी भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) को दी गई है.

कार्यक्रम में युवाओं को भारतीय राजनीति, संविधान, प्रशासन, समसामयिक मामलों और लोकनीति की जानकारी दी जाएगी. इसके अलावा संवाद, निर्णय लेने और सामुदायिक विकास से जुड़े कार्यक्रम संचालित करने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा.

प्रोजेक्ट्स के जरिए नेतृत्व का अनुभव

भाजयुमो के मुताबिक, प्रतिभागियों को विभिन्न प्रोजेक्ट्स के माध्यम से नेतृत्व करने के अवसर दिए जाएंगे. इंटर्नशिप में नेटवर्किंग, टीमवर्क और करियर से जुड़े कौशल पर भी ध्यान रहेगा. अच्छा लिखने, प्रभावी बोलने और प्रस्तुतीकरण देने जैसे व्यक्तिगत कौशल विकसित करने को कार्यक्रम का अहम हिस्सा बताया गया है.

भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष अरुण प्रभात ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी के निर्देशन में युवाओं को जोड़ने की यह पहल की जा रही है.

15 सितंबर तक आवेदन

जम्मू-कश्मीर के 18 से 26 वर्ष तक के युवा इस इंटर्नशिप के लिए आवेदन कर सकते हैं. किसी भी शैक्षिक पृष्ठभूमि के युवा इसमें शामिल हो सकेंगे. अंडरग्रेजुएट, ग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट छात्रों को उनकी शैक्षिक योग्यता के अनुरूप प्रोजेक्ट सौंपे जाएंगे.

इच्छुक युवा 15 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के लिए क्यूआर कोड स्कैन करने के अलावा मिस्ड कॉल और ईमेल का विकल्प भी उपलब्ध कराया गया है.