जम्मू-कश्मीर में सरकारी योजनाओं और विकास कार्यक्रमों के बावजूद जरूरतमंद वर्गों तक लाभ पहुंचाने में बनी चुनौतियों पर संसदीय समिति ने चिंता जताई है. समिति ने केंद्र शासित प्रदेश में प्रशासनिक शासन, सामाजिक-आर्थिक विकास और आंतरिक सुरक्षा की समीक्षा से जुड़ी रिपोर्ट में कई क्षेत्रों पर सुधार की जरूरत बताई.
रिपोर्ट के अनुसार, किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ सीमित स्तर पर मिल रहा है. समिति ने कवरेज बढ़ाने की सिफारिश की है. दूरदराज और कम सुविधा वाले इलाकों में स्वच्छ ऊर्जा की पहुंच बढ़ाने, सरकारी इमारतों को सौर ऊर्जा से जोड़ने और प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को तेज करने का सुझाव भी दिया गया है.
विस्थापित कश्मीरी परिवारों के पुनर्वास को लेकर भी रिपोर्ट में गंभीर स्थिति सामने रखी गई. समिति के मुताबिक, घाटी लौटने की इच्छा जताने वाले 6,510 परिवारों में से केवल तीन परिवार स्थायी रूप से लौट पाए हैं. समिति ने सुरक्षा और सामाजिक चिंताओं का आकलन करने, पुनर्वास पैकेज की समीक्षा करने और विस्थापित परिवारों के लिए आरक्षित 125 रिक्त पद भरने की सिफारिश की है.
