जम्मू-कश्मीर हाई कोर्ट ने शोपियां निवासी मुश्ताक अहमद शाह की Public Safety Act (PSA) के तहत हिरासत रद्द करते हुए उनकी तत्काल रिहाई का आदेश दिया है. अदालत के आदेश के समय शाह करीब 10 महीने से हिरासत में थे. उन्हें दिसंबर 2025 में हिरासत में लिया गया था और उनके गृह क्षेत्र से करीब 300 किलोमीटर दूर जेल में रखा गया था.

हिरासत आदेश में पुलिस डोजियर और खुफिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए दावा किया गया था कि शाह में कथित तौर पर “राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों की प्रवृत्ति” दिखी है. आदेश में यह भी कहा गया कि स्थानीय युवाओं के बीच उनकी सामाजिक स्वीकार्यता के कारण आतंकवादी संगठन उन्हें नेटवर्क बनाने या माहौल प्रभावित करने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं.

जस्टिस राजनेश ओसवाल ने कहा कि हिरासत के आधार अस्पष्ट हैं और उनमें आवश्यक विवरण नहीं दिए गए. अदालत के अनुसार, अधिकारियों ने यह स्पष्ट नहीं किया कि शाह किन लोगों या संगठनों के संपर्क में थे या उन्होंने किसे प्रभावित करने की कोशिश की.

हाई कोर्ट ने माना कि इस अस्पष्टता से संविधान के अनुच्छेद 22(5) के तहत मिले सुरक्षा उपायों का उल्लंघन हुआ. अदालत ने कहा कि यदि शाह किसी अन्य मामले में आवश्यक न हों, तो उन्हें तुरंत रिहा किया जाए.