जम्मू-कश्मीर में एमबीबीएस और बीडीएस इंटर्न डॉक्टरों ने मासिक स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल फिर शुरू कर दी है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, डॉक्टरों ने यह कदम सरकार की ओर से पहले दिए गए आश्वासन पर तय समयसीमा में अमल नहीं होने के बाद उठाया.
इंटर्न डॉक्टरों ने अगस्त 2026 के अंत में भी आंदोलन शुरू किया था. इसके बाद 8 सितंबर को सरकार ने उनकी मांग पर एक महीने के भीतर फैसला लेने का भरोसा दिया था. बैठक के रिकॉर्ड के मुताबिक, स्टाइपेंड बढ़ाने संबंधी मामला समिति की सिफारिशों और इंटर्न डॉक्टरों की मांगों पर विचार के आधार पर अंतिम रूप दिया जाना था.
प्रदर्शनकारी डॉक्टरों का कहना है कि यह समयसीमा बीत चुकी है, लेकिन स्टाइपेंड बढ़ाने का औपचारिक आदेश जारी नहीं हुआ. फिलहाल इंटर्न डॉक्टर मौजूदा 12,300 रुपये मासिक स्टाइपेंड को बढ़ाकर 30,000 रुपये करने की मांग कर रहे हैं.
हड़ताल जम्मू-कश्मीर के सरकारी मेडिकल और डेंटल संस्थानों में कार्यरत इंटर्न डॉक्टरों से जुड़ी है. डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि समाधान नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जा सकता है.
