जम्मू-कश्मीर में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है. उमर अब्दुल्ला सरकार ने विश्वविद्यालय से संबंधित अधिसूचना जारी कर दी है. जम्मू-कश्मीर नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी एक्ट 30 नवंबर 2026 से लागू होगा.

कानून, न्याय और संसदीय कार्य विभाग ने इस संबंध में दो अधिसूचनाएं जारी की हैं. इनके जरिए विश्वविद्यालय की स्थापना को 30 नवंबर से प्रभावी किया जाएगा.

बडगाम में मुख्य कैंपस, जम्मू में सैटेलाइट कैंपस

अधिसूचना के मुताबिक, विश्वविद्यालय का मुख्यालय और मुख्य कैंपस कश्मीर के बडगाम जिले में स्थापित होगा. जम्मू क्षेत्र में इसका सैटेलाइट कैंपस बनाया जाएगा. सरकार के इस फैसले से दोनों क्षेत्रों के छात्रों के लिए उच्च स्तर की कानूनी शिक्षा के अवसर बढ़ाने की योजना है.

विश्वविद्यालय में कानून की पढ़ाई के साथ शोध और पेशेवर प्रशिक्षण पर भी जोर दिया जाएगा. इसे कानूनी शिक्षा और अनुसंधान के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना बताई गई है.

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने 7 मार्च 2025 को अपने पहले बजट भाषण में विश्वविद्यालय की स्थापना की घोषणा की थी. इसके लिए 50 करोड़ रुपये का बजट रखा गया था.

मुख्य कैंपस जम्मू में बनाए जाने की मांग को लेकर पहले जम्मू क्षेत्र के कानून छात्रों ने प्रदर्शन किया था. अब बडगाम में मुख्य कैंपस और जम्मू में सैटेलाइट कैंपस का फैसला दोनों क्षेत्रों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.