45 साल की रेनू हंस ने 22 साल के अंतराल के बाद दोबारा पढ़ाई शुरू कर 10वीं की परीक्षा में 82 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं. उन्होंने 500 में से 406 अंक प्राप्त किए. रेनू सुन और बोल नहीं सकतीं और जम्मू के एक कश्मीरी विस्थापित शिविर में रहती हैं.

रेनू ने जम्मू-कश्मीर स्टेट ओपन स्कूलिंग (JKSOS) के माध्यम से पढ़ाई पूरी की. लंबे अंतराल के बाद किताबें दोबारा उठाना उनके लिए आसान नहीं था, लेकिन परिवार के सहयोग से उन्होंने परीक्षा की तैयारी जारी रखी.

बेटे ने पढ़ाई में दिया साथ

रेनू के बेटे नमन कौल 12वीं कक्षा में पढ़ते हैं. उन्होंने अपनी मां को पढ़ाने के साथ-साथ लगातार प्रोत्साहित किया. नमन अब उन्हें कंप्यूटर सिखा रहे हैं और 12वीं की पढ़ाई के लिए भी तैयार कर रहे हैं. परिवार में रेनू, उनके पति बबलू कौल और नमन—तीन सदस्य हैं.

रेनू के पति भी सुन और बोल नहीं सकते और सिलाई का काम करते हैं. परिवार की आय का आधार सिलाई और सरकार से मिलने वाली राहत सहायता है. आर्थिक चुनौतियों के बावजूद रेनू ने पढ़ाई पूरी करने का लक्ष्य नहीं छोड़ा.

नमन के मुताबिक, उनकी मां आगे पढ़ाई जारी रखना चाहती हैं और सरकारी नौकरी हासिल करना उनका सपना है. रेनू घर के काम संभालने के साथ लिखने में भी रुचि रखती हैं.

रेनू की उपलब्धि उम्र, लंबे शैक्षिक अंतराल और पारिवारिक परिस्थितियों के बीच दोबारा शिक्षा शुरू करने की उनकी कोशिश को सामने लाती है. अब उनका लक्ष्य 12वीं की पढ़ाई पूरी कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ना है.