बिहार के जमुई में 10वीं कक्षा के नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ कथित बदसलूकी का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक विवाद बढ़ गया है. पुलिस के मुताबिक, 19 सितंबर की शाम बाइक से जा रहे दोनों नाबालिगों को कुछ लोगों ने रास्ते में रोका. वीडियो में उनके साथ मारपीट और छात्रा से छेड़छाड़ किए जाने का आरोप सामने आया है.

जमुई पुलिस ने मामले में अब तक तीन नाबालिगों को पकड़ा है. पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. अधिकारियों के सामने सात से आठ युवकों के नाम आए हैं. पुलिस ने कहा है कि जांच में जिसकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

POCSO समेत कई धाराओं में मामला दर्ज

बिहार पुलिस की एडीजी लॉ एंड ऑर्डर केएस अनुपम के मुताबिक, संबंधित थाने में BNSS की धाराओं 128, 74 और 75 के साथ POCSO एक्ट की धाराएं 8 और 12 लगाई गई हैं. मामले की जांच के लिए जमुई SDPO के नेतृत्व में विशेष जांच टीम यानी SIT बनाई गई है. पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है.

पुलिस के अनुसार, घटना जमुई-लखीसराय मुख्य मार्ग से करीब तीन किलोमीटर दूर पहाड़ी इलाके में शाम लगभग 6:25 से 6:30 बजे के बीच हुई. जांच में उस क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग की व्यवस्था की भी समीक्षा की जाएगी. जमुई के पुलिस अधीक्षक ने वायरल वीडियो और घटना की पुष्टि की है. पुलिस ने दोनों पीड़ितों से बातचीत कर उनके बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान की प्रक्रिया शुरू की है.

वीडियो साझा करने वाले अकाउंट्स पर भी कार्रवाई

एडीजी के मुताबिक, वीडियो साझा करने वाले 32 सोशल मीडिया अकाउंट्स को चिह्नित किया गया है. इनमें 13 Facebook, 12 Instagram और सात X अकाउंट्स शामिल हैं. इनके खिलाफ टेकडाउन की कार्रवाई शुरू की गई है. पुलिस ने चेतावनी दी है कि नाबालिग पीड़ितों का चेहरा या पहचान उजागर करने वाला वीडियो प्रसारित करना कानूनन अपराध है. ऐसे मामलों में POCSO एक्ट और Juvenile Justice Act की धारा 74 के तहत कार्रवाई की जा सकती है.

राहुल गांधी, ममता और खड़गे ने की निंदा

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने घटना को लेकर आरोपियों की पहचान कर POCSO के तहत मुकदमा चलाने की मांग की. उन्होंने कहा कि दो नाबालिग छात्रों को रास्ते में रोककर प्रताड़ित और अपमानित किया गया. राहुल गांधी ने इस घटना को ‘संस्कृति’ के बजाय पितृसत्तात्मक सोच से जोड़ते हुए बिहार सरकार से कानून-व्यवस्था पर सवाल पूछे.

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने वीडियो को “दिल दहला देने वाला” और चौंकाने वाला बताया. उन्होंने कहा कि ‘मॉरल पुलिसिंग’ के नाम पर कानून हाथ में लेने वालों को जवाबदेह बनाया जाना चाहिए और भीड़ को किसी की गरिमा, स्वतंत्रता या सजा तय करने का अधिकार नहीं दिया जा सकता.

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दोषियों को कड़ी सजा देने और राज्य सरकारों की जवाबदेही तय करने की मांग की. उन्होंने इस घटना का जिक्र करते हुए ‘बेटी बचाओ’ और ‘नारी शक्ति वंदन’ जैसे नारों पर भी सवाल उठाए.

राजद नेता तेजस्वी यादव ने घटना को लेकर बिहार सरकार और NDA पर निशाना साधा. वहीं, JDU प्रवक्ता नवल शर्मा और BJP प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने भी घटना को शर्मनाक बताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही.