जन सुराज पार्टी के डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव झारखंड के रांची जिले में बरामद किया गया है. वह 26 अक्टूबर को रांची से पटना जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान लापता हो गए थे.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गुप्ता अपने मित्र और सहकर्मी गौतम कुमार के साथ रांची से ट्रेन में सवार हुए थे. यात्रा के दौरान उन्होंने पैंट्री कार से कुछ खाने की बात कही, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे. साथियों ने ट्रेन के अलग-अलग कोच में उनकी तलाश की और मुरी जंक्शन पर जीआरपी को सूचना दी.

रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने तलाश शुरू की थी. शुरुआती रिपोर्टों में बताया गया था कि उनका मोबाइल फोन बंद था और मुरी जंक्शन से जुड़े सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही थी.

बाद में गुप्ता का शव रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र के बरवादाग के पास झाड़ियों से बरामद हुआ. रिपोर्टों में उनकी उम्र 31 वर्ष और उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले का निवासी बताया गया है. वह भारतीय जनसंचार संस्थान, दिल्ली के पूर्व छात्र थे.

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और उपलब्ध परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.