जांजगीर-चांपा जिले में सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लेकर घूमने और लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में बिर्रा और पामगढ़ पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दोनों के कब्जे से तलवार और कत्तानुमा धारदार हथियार जब्त किए हैं. दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.
गतवा में तलवार के साथ युवक पकड़ा गया
पुलिस के अनुसार, पहली कार्रवाई बिर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम गतवा में राधाकृष्ण चौक के पास की गई. पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक लोहे की तलवार लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है. टीम ने गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी कर उसे पकड़ा.
पुलिस ने युवक की पहचान तुकाराम साहू (26), निवासी गतवा, थाना बिर्रा के रूप में बताई है. पुलिस का कहना है कि वह तलवार रखने और उसकी खरीदी-बिक्री से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. इसके बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया.
पामगढ़ में कत्तानुमा हथियार जब्त
दूसरी कार्रवाई पामगढ़ थाना क्षेत्र में शव परीक्षण केंद्र के सामने हुई. पुलिस के मुताबिक, यहां एक व्यक्ति कत्तानुमा धारदार हथियार लेकर घूम रहा था और लोगों को धमका रहा था. घेराबंदी कर पकड़े गए युवक की पहचान कन्हैया कश्यप उर्फ मोनू (27), निवासी चंडीपारा, पामगढ़ के रूप में हुई. पुलिस ने उसके खिलाफ भी धाराओं 25 और 27 के तहत केस दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया.
