सुप्रीम कोर्ट ने 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुए छात्रों के प्रदर्शनों के दौरान हिंसा के आरोपों की जांच कर रही हाई-पावर्ड एनक्वायरी कमेटी (HPEC) को बदलने की मांग खारिज कर दी. मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने कहा कि कमेटी ने अभी जांच शुरू ही की है, इसलिए इस स्तर पर उस पर सवाल उठाना जल्दबाजी होगी.
कोर्ट ने कहा कि HPEC पर लगाए गए आरोप फिलहाल अनुमान पर आधारित हैं. कमेटी का गठन निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कोर्ट की मदद के लिए किया गया है, न कि किसी एक पक्ष का समर्थन करने के लिए.
कमेटी के दायरे में क्या-क्या
सुप्रीम कोर्ट ने 18 अगस्त को पांच सदस्यीय HPEC गठित की थी. इसकी अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस आर. सुभाष रेड्डी कर रहे हैं. कमेटी जंतर-मंतर और अन्य स्थानों पर हुई हिंसा की जांच करेगी. इसके दायरे में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस के कथित अधिक बल प्रयोग, सुरक्षाबलों के खिलाफ हिंसा, पैलेट गन के इस्तेमाल, महिला प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हिंसा और उत्पीड़न के आरोप शामिल हैं. दोनों पक्षों की हिंसा और संपत्ति के नुकसान की भी जांच होगी.
कमेटी सीधे सुप्रीम कोर्ट को रिपोर्ट देगी. कोर्ट ने उसे पहले पैलेट गन के इस्तेमाल की जांच करने को कहा है और जल्द पहली रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है. संवेदनशील गवाहों की पहचान, उनके बयान और सबूत गोपनीय रखने को कहा गया है. गवाहों के लिए एक अलग ऑनलाइन पोर्टल बनाने की संभावना भी बताई गई है.
सुप्रीम कोर्ट ने वरिष्ठ वकील डॉ. मोनिका गुसैन और एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड सी. सोलोमन को अमिकस क्यूरी नियुक्त किया है. HPEC को मेंबर सेक्रेटरी नियुक्त करने का निर्देश भी दिया गया है.
सुनवाई में 14 वर्षीय प्रदर्शनकारी और उसके परिवार को कथित धमकियों का मामला भी उठा. कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को खतरे का आकलन कर जरूरी सुरक्षा देने और शिकायतों की जल्द जांच करने का निर्देश दिया. पुलिस को अगली सुनवाई से पहले स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करनी होगी. मामले की अगली सुनवाई 9 अक्टूबर को होगी.
