भारत और जापान के रक्षा सहयोग में एक महत्वपूर्ण कदम सामने आया है. दोनों देशों के बीच टोक्यो में हुई मंत्रिस्तरीय बैठक में जापान को अगले साल पहली बार भारत की फायरिंग रेंज का इस्तेमाल करने की अनुमति देने पर सहमति बनी है. जापान अपनी लंबी दूरी की मिसाइलों और छोटे अटैक ड्रोन का परीक्षण करना चाहता है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जापान करीब 1,000 किलोमीटर तक की मारक क्षमता वाली Type-25 एंटी-शिप मिसाइल का परीक्षण भी करना चाहता है. जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी ने कहा कि अगले साल जापान की Self-Defense Force पहली बार भारतीय फायरिंग रेंज का इस्तेमाल करेगी. उन्होंने इसे रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम बताया.
जापान के लिए भारत की रेंज क्यों महत्वपूर्ण
लंबी दूरी की मिसाइलों के लाइव-फायर परीक्षण के लिए बड़े और सुरक्षित क्षेत्र की जरूरत होती है. मिसाइल के पूरे मार्ग और संभावित प्रभाव वाले इलाके की निगरानी भी करनी पड़ती है. जापान के सामने ऐसी जगह की कमी एक बड़ी चुनौती है. द्वीपीय देश होने के कारण वहां आबादी का घनत्व अधिक है और समुद्री क्षेत्र का बड़ा हिस्सा व्यापारिक गतिविधियों में व्यस्त रहता है.
भारत में बड़े सैन्य प्रशिक्षण क्षेत्र और समुद्र में विस्तृत परिचालन क्षेत्र उपलब्ध हैं. भारतीय फायरिंग रेंज का इस्तेमाल करने से जापान को वास्तविक परिस्थितियों में अपनी मिसाइलों और ड्रोन की क्षमता जांचने का अवसर मिल सकता है.
UNICORN सिस्टम पर भी सहयोग
दोनों देश UNICORN स्टेल्थ नेवल मास्ट सिस्टम परियोजना को भी जल्द अंतिम रूप देना चाहते हैं. ‘डिजाइन विद जापान, मेक इन इंडिया’ के तहत भारत से फरवरी 2027 तक आवश्यक मंजूरी मिलने की उम्मीद जताई गई है.
UNICORN ऐसी एंटीना प्रणाली है, जिसमें युद्धपोत पर अलग-अलग जगह लगे कई एंटीना और संचार उपकरणों को एक ऊंचे मास्ट में एकीकृत किया जाता है. इससे जहाज की रडार पहचान कम करने, संचार और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध क्षमता बेहतर करने तथा अलग-अलग एंटीना की जरूरत घटाने में मदद मिल सकती है.
नौसैनिक और हवाई सहयोग का विस्तार
भारत और जापान समुद्री निगरानी, खुफिया जानकारी साझा करने, बचाव अभियानों और आपदा राहत में सहयोग बढ़ाएंगे. दोनों देश समुद्री बारूदी सुरंगों का पता लगाने और उन्हें निष्क्रिय करने की तकनीक पर भी साथ काम करेंगे. संयुक्त रूप से नौसैनिक जहाज बनाने की संभावनाएं तलाशने की बात भी सामने आई है.
‘वीर गार्जियन-26’ अभ्यास के बाद दोनों देश अपने सैन्य अभ्यासों में ड्रोन और अन्य मानवरहित प्रणालियों को शामिल करने की तैयारी कर रहे हैं. जरूरत पड़ने पर कम समय के नोटिस पर संयुक्त अभ्यास आयोजित करने की संभावना भी तलाशी जा रही है.
संयुक्त बयान में भारत और जापान ने सीमा पार आतंकवाद समेत सभी प्रकार के आतंकवाद और हिंसक उग्रवाद की निंदा की. बयान में अलकायदा, ISIS, लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे संयुक्त राष्ट्र द्वारा सूचीबद्ध संगठनों का उल्लेख करते हुए सुरक्षित ठिकानों, आतंकवादी वित्तपोषण और सीमा पार आवाजाही पर रोक लगाने की जरूरत बताई गई.
