भारत के खिलाफ 2 रन की करीबी हार के बावजूद जापानी खिलाड़ियों ने मैच के बाद अपने व्यवहार से सभी का ध्यान खींचा. दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे के साथ जर्सी एक्सचेंज की, तस्वीरें खिंचवाईं और मैदान के बाहर खेल भावना का शानदार उदाहरण पेश किया.
यह मुकाबला जापान के सानो में खेला गया था. बारिश के कारण मैच को घटाकर 5-5 ओवर का कर दिया गया. भारत और जापान के राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने के अवसर पर इसे Sport 75 पहल के तहत आयोजित किया गया था.
भारतीय खिलाड़ियों से मिले जापानी क्रिकेटर
मैच के बाद भारतीय मूल के दर्शकों ने जापानी टीम का खड़े होकर स्वागत किया. जापान के खिलाड़ी भारतीय क्रिकेट सितारों के साथ तस्वीरें खिंचवाने और उनकी जर्सी पर ऑटोग्राफ लेने पहुंचे. जसप्रीत बुमराह इस दौरान खास आकर्षण रहे. उन्होंने मुकाबले में हिस्सा नहीं लिया था, लेकिन जापानी खिलाड़ी उनसे मिलने और ऑटोग्राफ लेने के लिए उत्साहित दिखाई दिए.
एक जापानी खिलाड़ी को अभिषेक शर्मा से हस्ताक्षर की हुई भारतीय जर्सी मिली. भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी जापानी खिलाड़ियों से बातचीत की और उनका हौसला बढ़ाया. अर्शदीप सिंह, बुमराह और अभिषेक शर्मा समेत भारतीय खिलाड़ियों के साथ जापान के कप्तान केंडेल कडोवाकी-फ्लेमिंग और उनकी टीम के खिलाड़ियों की तस्वीरें सामने आईं.
अय्यर ने मैच के बाद जापानी टीम के रवैये की तारीफ की. उन्होंने कहा कि 5 ओवर के मुकाबले में कुछ भी हो सकता है और जापान सही दिशा में आगे बढ़ रहा है. उनके मुताबिक, यह मुकाबला भारतीय टीम के लिए भी अच्छा अभ्यास रहा.
आखिरी गेंद तक बना रहा रोमांच
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 ओवर में 32 रन बनाए. श्रेयस अय्यर ने 16 रन की पारी खेली, जबकि संजू सैमसन ने 10 और ईशान किशन ने 3 रन बनाए. अभिषेक शर्मा खाता नहीं खोल सके.
लक्ष्य का पीछा करते हुए जापान ने भारत को आखिरी ओवर तक दबाव में रखा. उसे अंतिम 6 गेंदों पर 8 रन चाहिए थे, लेकिन अक्षर पटेल ने आखिरी ओवर में केवल 2 रन दिए. जापान की टीम 30/3 तक पहुंच सकी और भारत ने मुकाबला 2 रन से जीत लिया.
आखिरी ओवर में वाइड के फैसले को लेकर भी चर्चा हुई. एक वाइड दिए जाने के बाद श्रेयस अय्यर ने अंपायरों से बात की और दूसरा वाइड वापस ले लिया गया. हार के बाद जापान के कप्तान कडोवाकी-फ्लेमिंग ने अपनी टीम और पूरी क्रिकेट समुदाय पर गर्व जताया. उन्होंने कहा कि टीम अब एशियन गेम्स अभियान की तैयारी करेगी और अगले मुकाबले के लिए उसके पास करीब 36 घंटे का समय है.
