जशपुर पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रोत्साहित करने और सड़क हादसों में होने वाली मौतों को कम करने के उद्देश्य से हेलमेट बैंक शुरू किया है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को पुलिस लाइन जशपुर में फीता काटकर इस पहल का शुभारंभ किया.
हेलमेट बैंक में फिलहाल 1,000 हेलमेट रखे गए हैं. जरूरत पड़ने पर नागरिक इन्हें कुछ समय के लिए ले सकेंगे. पुलिस के अनुसार, जिन लोगों को जरूरी काम से कहीं जाना हो और उनके पास हेलमेट न हो, वे इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकते हैं. आर्थिक परेशानी के कारण हेलमेट नहीं खरीद पाने वाले लोगों को भी इससे मदद मिलेगी. मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में नागरिकों को हेलमेट वितरित किए.
अपना हेलमेट खरीदने के बाद नागरिक पुलिस से लिया गया हेलमेट वापस कर सकेंगे. लौटाने वाले व्यक्ति को सड़क सुरक्षा जागरूकता से जुड़ी छोटी जनसेवा गतिविधि में भी सहयोग करना होगा, ताकि यातायात नियमों का संदेश दूसरे लोगों तक पहुंचाया जा सके.
चालान के बजाय आदत बदलने पर जोर
पुलिस बिना हेलमेट दोपहिया चलाने वालों के वाहनों को जब्त कर रही है. नया हेलमेट खरीदने और उसकी रसीद दिखाने पर वाहन बिना चालान के वापस किया जा रहा है. एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के अनुसार, पुलिस का उद्देश्य केवल जुर्माना लगाना नहीं, बल्कि लोगों में हेलमेट पहनने की आदत विकसित करना है. इसी उद्देश्य से ‘हर हेड में हो हेलमेट’ अभियान शुरू किया गया है.
जिले में हेलमेट रैली के साथ स्कूल-कॉलेजों, साप्ताहिक बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. लोगों से चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनाने, निर्धारित गति रखने, ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने, नशे में वाहन न चलाने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल न करने की अपील की जा रही है.
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने गुजरात की राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में शामिल होकर लौटे जशपुर पुलिस के पुलिस मितानों से भी मुलाकात की और उन्हें बधाई दी.
