जशपुर जिले के कुनकुरी में मोबाइल दुकान से चोरी हुए 132 हैंडसेट बांग्लादेश पहुंचने की जानकारी पुलिस जांच में सामने आई है. पुलिस के मुताबिक, चोरी के बाद मोबाइल अलग-अलग आरोपियों के जरिए आगे बेचे गए और अंततः बांग्लादेश भेज दिए गए. दूसरे देश में पहुंच चुके मोबाइलों की बरामदगी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है. उन्हें वापस लाने के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है.

मामले में पुलिस अब तक तौसिफ राजा, सेंटू शेख, इकबाल हुसैन उर्फ राणा, अब्दुल बारी उर्फ रूबेल खुराना और अब्दुल अजीज को गिरफ्तार कर चुकी है. सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है. पुलिस ने सेंटू शेख से कमीशन के तौर पर मिली बची हुई ₹1.80 लाख की रकम बरामद की है. आरोपियों के व्यक्तिगत मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं. पुलिस के अनुसार, चार अन्य आरोपी फरार हैं.

11 अगस्त की रात हुई थी चोरी

कुनकुरी वार्ड क्रमांक 9 के तपकरा रोड स्थित दुकान के संचालक पंकज कुमार पारिक ने 12 अगस्त 2026 को थाना कुनकुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. उनके मुताबिक, वह 11 अगस्त की रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर गए थे. अगले दिन सुबह करीब 7:45 बजे सूर्योदय बैंक के कर्मचारी रितेश ने दुकान का शटर खुला होने की सूचना दी.

दुकान पर पहुंचने पर दोनों ताले कटे मिले और आसपास ताला काटने के सामान पड़े थे. अंदर मोबाइल के डिब्बे बिखरे हुए थे तथा बिक्री के लिए रखे 132 मोबाइल गायब थे.

CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से आगे बढ़ी जांच

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के अनुसार, पुलिस ने CCTV फुटेज, टावर डंप लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया. घटनास्थल के पास स्थित अन्नपूर्णा होटल से भी सुराग मिला. पुलिस के मुताबिक, दो संदिग्ध वहां खाना खाने पहुंचे थे और होटल संचालक को अपना मोबाइल नंबर दिया था.

इन्हीं सुरागों के आधार पर टीम झारखंड के साहेबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र तक पहुंची और तौसिफ राजा को पकड़ा. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने कबीर शेख के साथ चोरी करने की बात बताई. पुलिस का दावा है कि चोरी के मोबाइल सेंटू शेख के जरिए सत्यजीत मंडल, अब्दुल बारी और इकबाल हुसैन तक पहुंचे. 50 मोबाइल सत्यजीत मंडल, 50 अब्दुल बारी और 34 इकबाल हुसैन को दिए जाने की जानकारी जांच में सामने आई है.

पुलिस के मुताबिक, इन मोबाइलों की बिक्री से करीब ₹17 लाख मिले, जिसे आरोपियों ने आपस में बांटा. मामले में BNS की धारा 331(4), 305(ए), 111(6), 313 और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है. एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और मोबाइलों की बरामदगी पर कार्रवाई जारी है.