जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में मोबाइल के बकाये को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में ग्राम झगरपुर निवासी कृष्णा उर्फ कैलाश यादव (30) को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने दोस्त राजेश दास के सिर पर लकड़ी के फाड़े से वार किया और शव को जुरगुम-तुर्रापानी जंगल में फेंक दिया. आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.
23 सितंबर को मिला था अज्ञात शव
पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर 2026 को जुरगुम-तुर्रापानी जंगल में रपटा पुलिया के पास टेकरी के पीछे एक युवक का शव मिला था. ग्रामीण मनियारो बाई ने शव देखकर गांव में इसकी जानकारी दी, जिसके बाद युगल किशोर साय ने पुलिस को सूचना दी. शव की पहचान उस समय नहीं हो सकी थी.
मृतक ने पीली टी-शर्ट और ग्रे रंग का लोअर पहन रखा था. उसके सिर के पीछे चोट और खून के निशान मिले थे. पोस्टमार्टम में मौत को हत्यात्मक पाए जाने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की. बाद में मृतक की पहचान ग्राम विमड़ा निवासी राजेश दास के रूप में हुई.
कार से जंगल ले जाने का पुलिस का दावा
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान परिजनों, परिचितों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कृष्णा यादव पर संदेह गया. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता बताई. उसके मुताबिक, कृष्णा ने राजेश को ओप्पो कंपनी का मोबाइल 6,000 रुपये में बेचा था. राजेश ने 5,000 रुपये दिए थे और 1,000 रुपये बकाया थे.
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को आरोपी, राजेश और एक अन्य व्यक्ति कार से निकले थे. दूसरे व्यक्ति को रास्ते में उतारने के बाद आरोपी और राजेश जुरगुम रपटा पुलिया की ओर गए. वहां बकाये को लेकर विवाद हुआ. आरोप है कि कृष्णा ने राजेश को कार से उतारकर जमीन पर पड़े लकड़ी के फाड़े से उसके सिर पर दो वार किए. इसके बाद शव को टेकरी के पीछे फेंक दिया गया.
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने लकड़ी का फाड़ा और राजेश का मोबाइल मैनी नदी में, जबकि घटना के समय पहने कपड़े डोड़की नदी में फेंकने की बात बताई. उसने कार को भी धोया था. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर लाल रंग की स्विफ्ट कार बरामद की है. मामले में बीएनएस की धारा 103(1) और 238 के तहत कार्रवाई की गई है. ASP राकेश कुमार पाटनवार ने बताया कि तकनीकी और अन्य साक्ष्यों से जांच आरोपी तक पहुंची.
