जशपुर जिले के रनपुर गांव में पत्नी की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी कोलो राम (43) लरंगा के बालक छात्रावास में प्रभारी अधीक्षक है. उसके खिलाफ बगीचा थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है.

पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे कोलो राम रनपुर स्थित अपने घर पहुंचा. वहां पत्नी इन्द्रमुनी के चरित्र पर शक को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर उसने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी, फिर घर में रखी टांगी के पासे से इन्द्रमुनी की पीठ पर दो बार वार किया. इसके बाद उसे बाहर खींचकर पड़ोसियों के घर के सामने डंडे से पीटा.

महिला के बेटे रोशन कुमार और आसपास के लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की. बाद में इन्द्रमुनी को छुड़ाकर घर लाया गया. पुलिस के मुताबिक, महिला की पीठ, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई थीं. कुछ देर बाद कोलो राम इलाज कराने की बात कहकर उसे बोलेरो में ले गया. रात करीब 4 बजे वह वाहन लेकर वापस रनपुर पहुंचा. सुबह करीब 6 बजे रोशन ने बोलेरो का दरवाजा खोला तो इन्द्रमुनी बीच वाली सीट पर मृत मिली. उस समय आरोपी वहां मौजूद नहीं था.

पुलिस जांच और गिरफ्तारी

घटना के बाद रोशन कुमार (20) ने अपने पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव का पंचनामा और पोस्टमॉर्टम कराया. जांच के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया. पुलिस ने कथित तौर पर इस्तेमाल की गई टांगी, डंडा और बोलेरो भी जब्त की है.

पुलिस का कहना है कि कोलो राम करीब एक साल से दूसरी महिला के साथ रह रहा था और पंडरापाठ इलाके में रहने लगा था. इन्द्रमुनी दोनों बेटों के साथ रनपुर में रहती थी. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार ने गिरफ्तारी और जब्ती की जानकारी दी.