जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल फंड (JNMF) ने जवाहरलाल नेहरू फेलोशिप के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस फेलोशिप के तहत चयनित उम्मीदवारों को दो वर्षों तक हर महीने ₹1,00,000 का स्टाइपेंड दिया जाता है. इच्छुक उम्मीदवार पात्रता और आवेदन से जुड़ी जानकारी फंड की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं.

यह फेलोशिप 1968 में शुरू की गई थी. इसका उद्देश्य असाधारण प्रतिभा वाले लोगों को रचनात्मक कार्य, स्वतंत्र शोध और बौद्धिक पड़ताल के लिए समय और संसाधन उपलब्ध कराना है. फेलोशिप विज्ञान और मानविकी समेत अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने वाले भारतीय नागरिकों के लिए खुली है.

किन लोगों के लिए है फेलोशिप

इस कार्यक्रम में लेखक, पत्रकार, कलाकार और सिविल सेवक जैसे पेशेवर भी आवेदन कर सकते हैं, जिनका काम सामान्य शोध फेलोशिप की श्रेणियों में नहीं आता. आवेदकों से अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य की क्षमता और किसी रचनात्मक परियोजना के प्रति गंभीर प्रतिबद्धता की अपेक्षा की जाती है.

फेलोशिप के तहत तकनीकी या अत्यधिक विशेषज्ञता वाले शोध के साथ-साथ भारत से जुड़े समकालीन मुद्दों पर गहन अध्ययन को भी समर्थन दिया जाता है. चयनित फेलो अपनी परियोजना भारत में अपनी पसंद के स्थान पर पूरी कर सकते हैं.

स्टाइपेंड के अलावा अतिरिक्त सहायता

फंड के अनुसार ₹1 लाख का मासिक स्टाइपेंड आयकर अधिनियम, 1961 की धारा 10(17A) के तहत आयकर से मुक्त है. इसके अतिरिक्त सचिवीय सहायता, यात्रा और अन्य आकस्मिक खर्चों की वास्तविक लागत की भरपाई की जाती है. इन खर्चों के लिए सालाना अधिकतम सीमा ₹75,000 है.

फेलो का चयन विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित लोगों वाली समिति करती है. आधिकारिक जानकारी के अनुसार हर वर्ष एक जवाहरलाल नेहरू फेलोशिप दी जाती है.