जनता दल यूनाइटेड (JDU) 24 नवंबर को बिहार के सभी 38 जिलों में ‘सुशासन दिवस-नीतीश संवाद’ कार्यक्रम आयोजित करेगी. पार्टी इन कार्यक्रमों के जरिए नीतीश कुमार के शासनकाल में हुए विकास कार्यों और पिछले दो दशकों में बिहार में आए बदलावों को लोगों के सामने रखने की तैयारी में है.

यह आयोजन 24 नवंबर 2005 को नीतीश कुमार के बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार पूर्ण कार्यकाल वाली सरकार की कमान संभालने की तारीख के 21 साल पूरे होने के अवसर पर किया जा रहा है. JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने इस तारीख को बिहार के इतिहास का महत्वपूर्ण दिन बताया है.

कार्यक्रम से एक दिन पहले, 23 नवंबर को पार्टी ने प्रदेश मुख्यालय, जिला और प्रखंड कार्यालयों में दीपोत्सव आयोजित किया. पार्टी के मुताबिक, पंचायत, वार्ड, प्रखंड और जिला स्तर पर कार्यक्रमों की तैयारी की गई है. 17 से 19 नवंबर तक पंचायत और वार्ड स्तर पर परिचर्चाएं हुईं, जबकि 20 से 22 नवंबर के बीच प्रखंड और सेक्टर स्तर पर बैठकें आयोजित की गईं.

इन मुद्दों पर जोर देगी पार्टी

JDU अपने कार्यक्रमों में सड़क और पुल निर्माण, गांवों तक बिजली पहुंचाने, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए कामों को प्रमुखता से रखेगी. पार्टी लड़कियों के लिए साइकिल योजना, पंचायतों में महिलाओं को आरक्षण और जीविका समूहों के जरिए महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने को भी उपलब्धियों के रूप में बताएगी.

कानून-व्यवस्था में सुधार का मुद्दा भी पार्टी के प्रचार का हिस्सा होगा. 24 नवंबर 2005 से पहले मार्च 2000 में नीतीश कुमार कुछ समय के लिए मुख्यमंत्री बने थे, लेकिन बहुमत साबित नहीं कर पाने के बाद उन्हें इस्तीफा देना पड़ा था.