बिहार के जहानाबाद में सड़क हादसे में घायल दो युवकों के फ्रैक्चर वाले पैरों पर प्लास्टर की जगह गत्ते का टुकड़ा बांधकर रेफर किए जाने का मामला सामने आया है. घटना की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई शुरू की.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हुलासगंज थाना क्षेत्र के पास दो बाइकों की टक्कर में चार युवक घायल हुए थे. इनमें दो युवकों के पैर में फ्रैक्चर बताया गया. स्थानीय लोगों ने उन्हें हुलासगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनके पैरों को स्थिर करने के लिए गत्ते का सहारा दिया गया और जहानाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
रिपोर्ट के मुताबिक, सदर अस्पताल में भी दोनों युवकों को प्लास्टर नहीं लगाया गया और उन्हें पटना के PMCH भेज दिया गया. तस्वीर सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग के सचिव ने मामले का संज्ञान लिया. जिला प्रशासन ने सिविल सर्जन, सदर अस्पताल के अधीक्षक और जिला कार्यक्रम प्रबंधक को तलब किया है.
संबंधित डॉक्टरों को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब देने को कहा गया है. प्रशासनिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि प्लास्टर की सुविधा उपलब्ध नहीं थी या उपचार में लापरवाही हुई.
